बुराई को छोड़ जाना, अच्छाई को अपना जाना,

खुशियों को बाँट जाना, होली के रंग में रंग जाना |

रूठे हुए को मना जाना, बिछड़े हुए को मिला जाना,

दुखों को बाँट जाना, होली के रंग में रंग जाना |

दुआओं को साथ लाना, आशीर्वाद को समेट जाना,

हर किसी को गले लगाना, होली के रंग में रंग जाना |

      त्योहार भारतीय जीवन-शैली का एक अटूट हिस्सा है, जहाँ विभिन्न प्रकार के त्योहारों का आयोजन होता है | होली भारतीय संस्कृति में एक महत्वपूर्ण एवं प्रसिद्ध त्योहार है जो हर साल उत्सव और खुशियों का पर्व बनकर आता है | यह त्योहार रंगों के खेल, प्यार और भाईचारे का प्रतीक है | होली को जीवन के नए रंग, नए उत्साह और नई खुशियों के साथ मनाया जाता है | यह त्योहार हिंदू पंचांग के अनुसार फागुन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है |

होली का त्योहार भगवान के प्रति भक्ति और विश्वास का समन्वय है | यह त्योहार आत्मीय विद्या मंदिर परिसर में इस वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया | छात्रों के अंदर इस रंगोत्सव को लेकर अलग प्रकार का उत्साह समाहित था | छात्र अपने दोस्तों के साथ विविध रंगों से रंग जाना चाहते थे, इसलिए विद्यालय ने  इस त्योहार को दो दिन मनाने का आयोजन किया | पहले दिन संध्या के समय होलिका दहन का कार्यक्रम रखा गया | छात्र अपने साथी मित्रों के साथ इस कार्यक्रम को निहारने हेतु विद्यालय के प्रांगण में उपस्थित हुए | उनके आगमन के पश्चात कार्यक्रम की शुरूआत हुई | विद्यालय के सम्मानीय प्राचार्य महोदय श्री डॉ. विजय सर एवं अतिथियों ने ठाकुरजी की पूजा-अर्चना करके कार्यक्रम का प्रारंभ किया | छात्रों को होलिका दहन की प्राचीन कथा एवं छोटे-से बाल भक्त प्रह्लाद की भक्ति और भगवान के प्रति उसकी आस्था से अवगत किया गया | तत्पश्चात छात्रों ने होलिका की प्रदक्षिणा की और अपने अंदर समाहित गंदी आदतें अग्नि देवता को समर्पित की | सभी छात्रों को खजूर की प्रसादी बाँटी गई |

होली का दूसरा दिन एक दूसरे को रंग लगाकर आनंद करने का दिन | विद्यालय के छात्र इससे अछूते न रहें इस उद्देश्य से विद्यालय के प्रांगण में विविध रंगों को थालियों में भरकर अलग-अलग स्थानों पर रखा गया था | सभी छात्रों ने अपने दोस्तों के साथ नाच-गान करते हुए एक दूसरे पर रंग डालकर बहुत ही उत्साह के साथ इस रंगोत्सव का मज़ा लिया | छात्र सब कुछ भूलकर संगीत के साथ झूम उठे और ऐसा लग रहा था कि होली का यह त्योहार छात्रों के जीवन में एक नया उत्साह लेकर आया हो | सच में एक अद्भूत संस्मरण कह सकते हैं | रंगोत्सव का यह त्योहार हर व्यक्ति के जीवन में भक्ति, विश्वास, खुशियाँ लेकर आए और प्रगति के पथ पर अग्रसर हो ऐसी कामना के साथ होली के त्योहार की शुभकामनाएँ |

कमलेश सर

Holika Dahan Smrutis:

Dhuleti Utsav Smrutis: